
बाह। थाना बाह क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई। थाना बाह क्षेत्र में संचालित ऑटो एवं उनके चालकों को थाने पर आमंत्रित किया गया, जहां क्राइम इंस्पेक्टर सर्वेश कुमार ने सभी ऑटो चालकों को शपथ दिलाई और उन्हें उनके कर्तव्यों व जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।इस अवसर पर क्राइम इंस्पेक्टर सर्वेश कुमार ने कहा कि ऑटो चालक समाज का वह वर्ग है जो प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम लोगों के संपर्क में रहता है। ऐसे में उनकी भूमिका केवल वाहन चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा, महिलाओं व बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और यातायात नियमों का पूर्ण पालन करना भी उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऑटो चालकों को निर्धारित रूट और तय किराया नियमों का पालन करना चाहिए तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से सख्ती से बचना चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या असामाजिक तत्वों की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इससे अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान ऑटो चालकों ने भी पुलिस को सहयोग देने, कानून का पालन करने और यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार रखने का संकल्प लिया। पुलिस की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की और इसे पुलिस व जनता के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।

