
बाह।जैतपुर मे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अभियान के अंतर्गत थाना जैतपुर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने राहगीरों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को पम्पलेट वितरित कर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की। साथ ही चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाया कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं और दूसरों की जान के लिए भी खतरा है।थाना जैतपुर पुलिस ने कहा कि हेलमेट का उपयोग करने से दुर्घटना की स्थिति में सिर में गंभीर चोट से बचाव होता है और इससे जान बचाई जा सकती है। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सुरक्षित यात्रा को अपनाने की अपील की।
पुलिस का कहना है कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान पूरे सड़क सुरक्षा माह के दौरान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जा सके।



