नई दिल्ली6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
यह तस्वीर 9 दिसंबर की संसद के बाहर की है। मोदी-अडाणी का मुखौटा पहने सांसदों को राहुल अपने साथ आगे ले गए।
संसद के बाहर मोदी-अडाणी मुखौटा मामले पर बीजेपी ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया X पर अडाणी की कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर कीं। जिसमें वह रॉबर्ट वाड्रा, अशोक गहलोत और तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी के साथ नजर आ रहे हैं।
इन तस्वीरों के साथ रिजिजू ने राहुल की 9 दिसंबर को संसद के बाहर की तस्वीर भी शेयर की। जिसमें वह उन कांग्रेस सांसदों के साथ नजर आ रहे हैं। जिसमें वे मोदी और अडाणी का मुखौटा पहने हैं।
रिजिजू ने ये तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन लिखा कि, सामान्य ज्ञान बताएगा कि लोग बालक बुद्धि को गंभीरता से क्यों नहीं लेते।
जानिए कहां से शुरू हुआ मुखौटा विवाद संसद में सोमवार को राहुल गांधी रिपोर्टर के रोल में दिखे। विपक्ष के दो सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गौतम अडाणी का मुखौटा लगाया और राहुल से बातचीत की। राहुल ने मोदी-अडाणी के संबंध, अमित शाह की भूमिका और संसद न चलने पर करीब 8 सवाल किए।
कांग्रेस ने 1.19 मिनट की बातचीत का वीडियो शेयर किया। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने गौतम अडाणी का और NCP शरद पवार के सांसद शिवाजीराव आढलराव पाटिल ने प्रधानमंत्री मोदी का मुखौटा पहना।
पढ़ें राहुल के सवालों पर सांसदों के जवाब
मोदी-अडाणी का मुखौटा पहने सांसदों को राहुल अपने साथ आगे ले गए।
राहुल गांधी: हाथ में मोबाइल लेकर रिकॉर्ड करते हुए पूछते हैं… आज कल क्या हो रहा है भाई?
अडाणी का मुखौटा पहने सांसद: मोदी का मुखौटा पहने सांसद की पीठ थपथपाते हुए… आजकल मैं जो भी बोलता हूं, ये करता है।
राहुल गांधी: आप क्या करते हो? आप क्या चाहते हो?
अडाणी का मुखौटा पहने सांसद: कुछ भी चाहता हूं। एयरपोर्ट चाहिए…कुछ भी चाहिए
राहुल गांधी: अगला आप क्या लेने की कोशिश कर रहे हो?
अडाणी का मुखौटा पहने सांसद: मोदी का मुखौटा पहने सांसद की पीठ थपथपाते हुए…हमारी मीटिंग आज शाम को है। ये भाई है अपना।
इस पर राहुल और वहां मौजूद सांसद जोर से हंसे…
बगल में खड़े एक अन्य सांसद ने कहा कि भैया, ये पार्लियामेंट को छोड़ देना…इस पर अडाणी का मुखौटा पहने सांसद ने कहा- वो देखते हैं।
राहुल गांधी: आप अपने रिश्ते के बारे में बताइए?
मुखौटा पहने सांसद: हम दोनों सब मिलकर करेंगे।
राहुल गांधी: आपकी कबसे पार्टनरशिप चल रही है?
मुखौटा लगाए सांसद: मोदी का मुखौटा लगाए सांसद का हाथ पकड़े हुए बोले- सालों साल से।
राहुल गांधी: फ्यूचर कैसा है?
अडाणी का मुखौटा लगाए सांसद: मैं इंडिया हूं।
राहुल गांधी: ये पार्लियामेंट क्यों नहीं चलने दे रहे?
अडाणी का मुखौटा लगाए सांसद : अमित भाई से पूछना पड़ेगा। मैं जो भी बोलता हूं, ये (मोदी का मुखौटा लगाए सांसद का कंधा ठोकते हुए) करते हैं।
राहुल गांधी: ये आजकल (मोदी का मुखौटा लगाए सांसद की ओर देखकर) कम बोलते हैं।
अडाणी का मुखौटा लगाए सांसद: ये आजकल थोड़ा टेंशन में हैं।
इसके बाद एक बार फिर से राहुल समेत सभी सांसद जोर से हंसते हैं और संसद की ओर चले जाते हैं।
सांसदों से बातचीत के पहले उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को ब्रीफ भी किया।
भाजपा सांसद बोले- राहुल ने पीएम के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि आज वरिष्ठ नेता संसद में मुखौटा पहनकर खड़े होते हैं और प्रधानमंत्री के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं… वे देश के लोकतंत्र का सम्मान करना नहीं जानते… हताश, निराश, थके हुए, अस्तित्वहीन नेताओं का समूह कांग्रेस बन गया है और इनसे जुड़ी विपक्षी पार्टियां भी धीरे-धीरे अलग हो रही हैं। इनको देश के उद्योगपति नहीं चाहिए, इन्हें विदेश के उद्योगपति चाहिए। इन्हें जॉर्ज सोरोस चाहिए जो भारत में अस्थिरता पैदा करें।
रिजिजू बोले- सोरोस फाउंडेशन से जुड़ी ताकतें भारत विरोधी काम कर रहीं
सदन के बाहर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और RJD सांसद ने जॉर्ज सोरोस मसले पर बात की।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सदन के बाहर जॉर्ज सोरोस रिपोर्ट पर कहा कि सोरोस का मामला संसद में उठ चुका है। इसे और भी लोग उठाना चाहते हैं। अभी संसद चल रही है, इसलिए मैं इसका डिटेल सदन के बाहर नहीं कहूंगा। हम चाहते हैं कि पार्लियामेंट अच्छी तरह चले। जो रिपोर्ट पब्लिक डोमेन में आई है, इसमें जो तथ्य हैं, वो सबके सामने हैं। इसमें गंभीर आरोप हैं।
रिजिजू ने कहा कि मैं किसी नेता का नाम नहीं लेना चाहता। जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन से जुड़ी हुई कई और ताकतें हैं, जो भारत के खिलाफ काम कर रही हैं। भारत के सांसद हों या आम नागरिक हों, सबको देश के लिए काम करना और देश के खिलाफ काम करने वालों के खिलाफ लड़ना है। इसमें कोई पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। मेरी बस इतनी ही अपील है कि हम एकजुट रहें, देश विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ें।
इस पर RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि सरकार आपकी है, जांच करवा लीजिए। जिस रिपोर्ट को एक दिन कोट आपने (सरकार ने) कोट किया था, इसके लिए उसने (सोरोस) कहा कि कहां से इसे कोट कर दिया गया। कॉन्सपिरेसी की कहीं बात ही नहीं है। एक उद्योगपति को बचाने में ये लोग पूरे देश का बेड़ा गर्क कर रहे हैं।
जॉर्ज सोरोस, सोनिया और राहुल एक साथ- प्रह्लाद जोशी केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर मर्यादा को तोड़ रही है। ये लोग जॉर्ज सोरोस के इशारे पर चल रहे हैं, ये लिंक भी सामने आ गया। लोकसभा में कांग्रेस को 99 सीटें जरूर मिलीं, पर अब जनता हर जगह उन्हें रिजेक्ट कर रही है। कांग्रेस जिस भी पार्टी के साथ गठबंधन कर रही है, उसे डुबो रही है।
कांग्रेस की फंडिग को लेकर BJP का हंगामा संसद में भाजपा ने कांग्रेस की फंडिंग को लेकर हंगामा किया। दरअसल, भाजपा ने रविवार को आरोप लगाया था कि सोनिया गांधी ऐसे संगठन से जुड़ी हैं, जो कश्मीर को भारत से अलग करने की वकालत करता है। इस संगठन को जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन की तरफ से फंडिंग मिलती है। इस संगठन का नाम फोरम ऑफ डेमोक्रेटिक लीडर्स इन एशिया पेसिफिक (FDL-AP) है। सोनिया इसकी सह-अध्यक्ष (CO) हैं।
भाजपा का कहना है राहुल गांधी कई बार खोजी पत्रकारों के संगठन OCCRP की रिपोर्ट का हवाला देकर केंद्र सरकार पर हमला करते हैं। इस संगठन को भी जॉर्ज सोरोस से फंडिंग मिलती है। कांग्रेस इनके साथ मिलकर भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने और मोदी सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
राज्यसभा सभापति के खिलाफ अविश्वास की तैयारी राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है। अडाणी मुद्दे पर जारी हंगामे के बीच विपक्ष के 70 सांसदों ने प्रस्ताव पर दस्तखत करने की बात कही है।संसद के बाहर कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा- मैंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में कभी इतना पक्षपाती सभापति नहीं देखा है।
जिन नियम के तहत मुद्दों को रिजेक्ट कर दिया गया। उस पर हमें बोलने से रोकते हैं, लेकिन सत्ता पक्ष के सांसदों को बोलने दे रहे हैं। मेरा यह आरोप है कि आज उन्होंने घोर पक्षपाती ढंग से सदन का संचालन किया है। सब जानते हैं कि मोदी सरकार ऐसा प्रयास सिर्फ अडानी को बचाने और मुद्दों को भटकाने के लिए कर रही है। पूरी खबर पढ़ें…
संसद के शीतकालीन सत्र में पिछली 9 कार्यवाही…
25 नवंबर: पहला दिन- राज्यसभा में धनखड़-खड़गे के बीच बहस 27 नवंबर: दूसरा दिन- संसद में अडाणी मुद्दे पर हंगामा:विपक्ष का नारा- देश को लूटना बंद करो 28 नवंबर: तीसरा दिन- प्रियंका गांधी पहली बार संसद पहुंचीं, सांसद की शपथ ली 29 नवंबर: चौथा दिन- 4 दिन में कुल 40 मिनट कार्यवाही चली; विपक्ष ने अडाणी-संभल पर सरकार को घेरा 2 दिसंबर : पांचवां दिन- INDIA ब्लॉक की बैठक में TMC नहीं गई:कहा- कांग्रेस अडाणी मुद्दे पर अटकी 3 दिसंबर : छठा दिन- अखिलेश बोले- चुनाव की वजह से संभल में हिंसा हुई:यह सोची समझी साजिश 4 दिसंबर: सातवां दिन- महिला सांसदों ने प्रियंका गांधी से कहा- जय श्रीराम:प्रियंका बोलीं- जय सियाराम बोलो 5 दिसंबर: आठवां दिन- निशिकांत बोले-विपक्ष सरकार गिराने की कोशिश कर रहा 7 दिसंबर: नौवां दिन- संसद में सिंघवी की सीट से ₹50 हजार कैश मिला