क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की 8 जून 2025 को लखनऊ में रिंग सेरेमनी हुई थी।
क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी की डेट टल गई है। अब यह शादी 18 नवंबर को काशी में नहीं होगी। संभावना है कि शादी तीन महीने बाद फरवरी 2026 में हो सकती है। हालांकि, नई तारीख अभी तय नहीं हुई है।
.
प्रिया के विधायक पिता तूफानी सरोज ने बताया कि रिंकू की घरेलू क्रिकेट में व्यस्तता के कारण शादी की डेट आगे बढ़ाई गई है। अक्टूबर से फरवरी के बीच रिंकू सिंह प्रदेश की टीम की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलेंगे। इसके बाद रिंकू और प्रिया शादी करेंगे।
इससे पहले, 8 जून को लखनऊ के ‘द सेंट्रम’ होटल में रिंकू और प्रिया की रिंग सेरेमनी हुई थी। इसमें अखिलेश यादव, डिंपल यादव, जया बच्चन, शिवपाल यादव, इकरा हसन समेत 300 VIP गेस्ट शामिल हुए थे।
रिंकू ने प्रिया को रिंग पहनाई तो वह रो पड़ी थीं। रिंकू ने उन्हें संभाला था।
सगाई में रिंकू के अंगूठी पहनाने पर भावुक हो गई थीं प्रिया
रिंग सेरेमनी के दौरान स्टेज पर जब रिंकू ने प्रिया को अंगूठी पहनाई तो वह भावुक हो गईं और फफक कर रो पड़ी थीं। रिंकू ने उन्हें संभाला। सेरेमनी के बाद दोनों ने केक काटा और एक-दूसरे को खिलाया। मेहमानों और परिवारजन के साथ रिंकू-प्रिया ने जमकर डांस किया था।
8 जून को रिंग सेरेमनी के बाद सांसद प्रिया सरोज ने जमकर डांस किया था।
प्रिया-रिंकू ने एक-दूसरे को डिजाइनर रिंग पहनाई थी
सगाई में प्रिया ने रिंकू को कोलकाता से मंगवाई गई डिजाइनर रिंग पहनाई, जबकि रिंकू ने प्रिया को मुंबई से खरीदी गई डिजाइनर रिंग पहनाई। दोनों अंगूठियों की कुल कीमत करीब 2.5 लाख रुपए थी। इस मौके पर प्रिया ने पिंक लहंगा पहना था, जबकि रिंकू व्हाइट शेरवानी में नजर आए।
अब रिंग सेरेमनी की तस्वीरें देखिए-
रिंग सेरेमनी के बाद रिंकू और प्रिया ने केक काटा और एक-दूसरे को खिलाया था।
रिंकू और प्रिया एक-दूसरे का हाथ पकड़कर स्टेज पर पहुंचे थे।
रिंग सेरेमनी के बाद स्टेज पर अखिलेश, डिंपल, जया बच्चन, शिवपाल यादव समेत 20 सांसद पहुंचे और बधाई दी।
क्रिकेटर की शादी में पहली बार मिले थे रिंकू-प्रिया
रिंकू और प्रिया की लव स्टोरी दिलचस्प है। बात करीब दो साल पहले की है। IPL 2023 में रिंकू ने लगातार पांच छक्के लगाकर कोलकाता नाइट राइडर्स को आखिरी ओवर में जीत दिलाई थी। इसके बाद रिंकू की टीम के सीनियर क्रिकेटर्स से नजदीकियां बढ़ीं।
इसी दौरान, एक सीनियर क्रिकेटर की दिल्ली में शादी हुई थी। उसी समारोह में क्रिकेटर ने रिंकू और अपनी पत्नी की दोस्त प्रिया को बुलाया। रिंकू और प्रिया पहली बार इसी पार्टी में मिले। क्रिकेटर की पत्नी ने दोनों का परिचय कराया और यहीं से बातचीत शुरू हुई।
रिंकू के परिवार से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया था कि KKR के क्रिकेटर की पत्नी और प्रिया दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ी हैं। प्रिया सरोज ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए एलएलबी किया है। पढ़ाई के दौरान ही दोनों की दोस्ती हुई थी।
रिंकू और प्रिया के रिंग सेरेमनी स्टेज को सफेद फूलों से सजाया गया था।
पापा सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे
KKR को दिए एक इंटरव्यू में रिंकू ने अपनी जिंदगी के बारे में बात की थी। उन्होंने बताया था- परिवार में 5 भाई हैं। पापा सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। हम पांचों भाइयों से भी काम करवाते, जब कोई नहीं मिलता तो डंडे से पीटते थे।
हम सारे भाई बाइक पर 2-2 सिलेंडर रखकर होटलों और घरों में डिलीवर करने जाते थे। सभी ने पापा को भी सपोर्ट किया और जहां भी मैच होते तो सारे भाई एक साथ ही खेलने जाते थे। मोहल्ले में 6-7 और लड़के थे, जिनके साथ पैसे मिलाकर गेंद लाते थे।
टेनिस और लेदर बॉल से क्रिकेट खेलना शुरू किया था। UP के अलीगढ़ में मॉडर्न स्कूल से भी क्रिकेट खेला। इंटर स्कूल टूर्नामेंट में 32 बॉल पर 54 रन की नॉटआउट पारी खेली। शुरुआत में क्लब क्रिकेट खेलने का पैसा नहीं था तो सरकारी स्टेडियम में कार्ड बनवाकर प्रैक्टिस करता था।
मैच खेलने के लिए पैसे लगते, घरवालों से मांगो तो कहते थे कि पढ़ाई करो। पापा खेलने के लिए हमेशा मना करते थे, मम्मी थोड़ा सपोर्ट करती थीं। शहर के पास एक टूर्नामेंट हुआ, उसके लिए पैसे चाहिए थे। मम्मी ने दुकान से एक हजार रुपए उधार लेकर दिए थे।
कौन हैं प्रिया सरोज?
प्रिया सरोज वाराणसी जनपद के पिंडरा तहसील के करखियांव की रहने वाली हैं। उनका जन्म 23 नवंबर 1998 को हुआ था। 18 वर्ष की उम्र पार करते ही उन्होंने सपा की न केवल सक्रिय सदस्यता ले ली थी, बल्कि पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी निभाती हैं।
महज 25 साल की उम्र में वह भाजपा के बीपी सरोज को हराकर लोकसभा पहुंचीं। प्रिया के पिता तूफानी सरोज भी मछलीशहर लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रहे हैं। वे साल 1999, 2004 और 2009 में लोकसभा चुनाव जीते थे।
——————————————————-
प्रिया और रिंकू सिंह से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
सगाई के बाद सांसद प्रिया सरोज के जज्बात का VIDEO; क्रिकेटर रिंकू सिंह ने लिखा- 3 साल इंतजार किया, खुशनुमा सफर के लिए हम तैयार
क्रिकेटर रिंकू सिंह से सगाई करने के बाद सांसद प्रिया सरोज ने अपने जज्बात बयां किए। प्रिया ने क्रिकेटर रिंकू सिंह के लिए लिखा- हाथ पकड़कर साथ चलना और आगे बढ़ना। देखिए पूरा वीडियो