पीड़ित ने 25 जून को सोशल मीडिया में फोटो पोस्ट की। इसमें उसके साथ यश दयाल नजर आ रहे हैं। – फोटो सोशल मीडिया
IPL चैंपियन RCB के तेज गेंदबाज यश दयाल पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। गाजियाबाद के इंद्रापुरम में रहने वाली एक युवती ने ऑनलाइन पोर्टल में शिकायत दर्ज कराई है।
.
युवती ने क्रिकेटर यश दयाल पर शादी का झांसा देकर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इस शिकायती पत्र में क्रिकेटर का नाम नहीं है।
गाजियाबाद के एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने दैनिक भास्कर से शिकायत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, ‘मामले में जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी क्रिकेटर यश दयाल ही हैं। अभी IGRS (ऑनलाइन शिकायत पोर्टल) से गाजियाबाद पुलिस को जानकारी मिली है। जल्द ही क्रिकेटर का बयान भी दर्ज किया जाएगा।’
यश दयाल के पिता से जब भास्कर ने आरोपों पर सवाल किया तो उन्होंने कहा- ये आरोप झूठे हैं। इस लड़की को हम जानते तक नहीं हैं।
यश दयाल पहली बार IPL जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रहे। RCB ने 3 जून को PBKS को हराते हुए खिताब जीता था।
पीड़ित ने X पोस्ट में योगी से मदद मांगी
पीड़ित ने 21 जून को IGRS पर शिकायत की थी। इसके बाद उसने 25 जून को एक सोशल मीडिया पोस्ट की थी। इसमें उसने यश दयाल के साथ फोटो भी पोस्ट की थी। पीड़ित ने इस पोस्ट में यूपी के CM आदित्यनाथ से मदद मांगी है। उसने लिखा- यश दयाल के साथ पिछले 5 साल से रिलेशनशिप में थी। यश मेरे अलावा कई और लड़कियों के साथ रिश्ते में भी थे।
महिला ने खुद को आर्थिक और सामाजिक रूप से असहाय बताया है। पीड़ित ने चैट, स्क्रीनशॉट और वीडियो कॉल्स के रिकॉर्ड जमा किए हैं। 14 जून 2025 को युवती ने महिला हेल्पलाइन 181 पर कॉल किया, लेकिन पुलिस स्टेशन में कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित ने Xपोस्ट पर ऑनलाइन शिकायत की जानकारी दी। साथ ही एक फोटो भी डाली, जिसमें वो क्रिकेटर के साथ दिख रही है।
पुलिस बोली- जांच जारी, क्रिकेटर के बयान लेंगे
ACP इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आईजीआरएस पर एक महिला द्वारा शिकायत की गई है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। लिखित में शिकायत नहीं मिली है। पहले दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस जांच कर रही है।
पहले भी विवादों में रहे यश दयाल
यश दयाल ने 2 साल पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मुस्लिम विरोधी स्टोरी लगाई थी। विवाद बढ़ने पर उन्होंने स्टोरी डिलीट कर दी। बाद में दयाल ने सफाई में कहा था- ‘मेरे इंस्टाग्राम अकाउंट से 2 स्टोरी पोस्ट की गई, लेकिन मैं बताना चाहूंगा कि दोनों स्टोरी मैंने पोस्ट नहीं की थी।’
यश दयाल ने इस पोस्ट के जरिए विवाद पर सफाई दी थी।
IPL विजेता 2 टीमों का हिस्सा रहे दयाल यश दयाल IPL में अपने वैरिएशंस के लिए जाने जाते हैं। प्रयागराज के रहने वाले दयाल नई गेंद और डेथ ओवर्स की गेंदबाजी में माहिर हैं। वे IPL में अब तक 43 विकेट ले चुके हैं। दयाल 2 अलग-अलग टीम से IPL टाइटल जीत चुके हैं।
- 2022 में गुजरात टाइटंस की ओर से पहली बार IPL चैंपियन बने। जब गुजरात ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराया था।
- 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से दूसरी बार IPL चैंपियन बने। बेंगलुरु ने पंजाब को 6 रन से हराकर खिताब जीता था।
IPL में 5 छक्के खाने के बाद चर्चा में आए थे दयाल
यश दयाल पहली बार 2023 में चर्चा में आए थे, जब KKR के रिंकू सिंह ने उनके एक ओवर में 5 छक्के मारकर कोलकाता को जीत दिलाई थी। 27 साल के यश ने 2022 में गुजरात की ओर से डेब्यू किया था। तब उन्होंने 9 मैचों में 11 विकेट लेकर अपनी टीम को पहले ही सीजन में चैंपियन बनाया।
2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दयाल को अपने खेमे में शामिल किया। तब दयाल ने 15 विकेट झटके, इनमें एमएस धोनी का वह विकेट भी शामिल रहा, जो उन्होंने चिन्नास्वामी स्टेडियम में लिया था। उसी विकेट की बदौलत RCB ने प्लेऑफ में जगह बनाई थी। उस विकेट का ईनाम यश दयाल को मेगा ऑक्शन में मिला, जब उन्हें RCB ने 5 करोड़ रुपए में रिटेन कर लिया। 2025 के 15 मैचों में 9.72 की इकोनॉमी से बॉलिंग करते हुए 13 विकेट लिए।
————————————————————